बागड़ी बाबा और इंसानियत का धर्म / अध्याय 6 / सत्य शील अग्रवाल

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

अदृश्य शक्ति पर विश्वास के कारण

विज्ञान के विकास शिखर पर पहुंचने के बावजूद आज भी अनेकों रहस्य अनसुलझे रह गये हैं और उन रहस्यों से पर्दा उठने की सम्भावना भी नहीं लगती। जो आज भी मानव को अदृश्य शक्ति पर विश्वास करने को मजबूर कर रही हैं।

जीवों की उत्पत्ति एवं उनका विकास

बाबा ने इस अध्याय के माध्यम से अपने शिष्यों को बताया-क्यों इंसान आज भी (अर्थात आज के वैज्ञानिक युग में) जबकि विज्ञान ने प्रकृति के हर क्षेत्र में हस्तक्षेप कर अनेक अविष्कार किये हैं, अनेकों प्राकृतिक नियम प्रतिपादित किये हैं, फिर भी किसी अदृश्य शक्ति पर विश्वास करने को मजबूर होता है। अनेकों प्रश्नों के उत्तर आज भी मानव को नहीं मिल पाये हैं जिनका विज्ञान के पास कोई हल नहीं है।

बाबा बागड़ी: अनेकों जीव एवं वनस्पतियों की उत्पत्ति एवं विकास, आज भी यक्ष प्रश्न बना हुआ है। कैसे एक बीज मिट्टी, पानी, वायु एवं सूर्यकिरणों के सहयोग से पहले पौधे और बाद में पेड़ के रूप में विकसित हो जाता है। कैसे विकास प्रक्रिया के तहत पहले पौधे में कली फिर फूल और तत्पश्चात फल आता है। क्यों एक आम का बीज आम के पेड़ के रूप में विकसित होता है, सन्तरा या अन्य कोई नहीं? क्यों तोरई, खीरा, करेला का पौधा बेल के रूप में पनपता है, पेड़ के रूप में नहीं उगते। जबकि आम का पौधा बेल का रूप न लेकर पेड़ बनता है। क्यों तरबूज, खरबूजे भी आम या पपीते की भांति पेड़ पर नहीं लगते। इसीप्रकार विभिन्न जीवों की है जो नर एवं मादा के सहयोग से वही जाति का जीव पैदा होता है वही नस्ल वही जातीय गुण उसमें विकसित होते हैं। जन्म के समय बहुत छोटे शिशु होते हैं और फिर अपने माता-पिता के बराबर विकसित होकर पूर्ण जीव का रूप ले लेते हैं और विकास रूक जाता है फिर अगली पीढ़ी तैयार करने लगते हैं। एक ही जलवायु में पैदा होने वाले पौधे अपने बीज प्रजाति के गुण के अनुसार जमीन से भिन्न विटामिन, मिनरल ग्रहण कर फल फूल तैयार होते हैं। जैसे अंगूर में आयरन, केले में कैल्शियम, गाजर में कौपर और आयरन, सेब में पौटेशियम सेलीनियम आदि होते हैं। विभिन्न फलों में विभिन्न पौष्टिकता के गुण होते हैं जबकि जमीन की मिट्टी वही है। प्रत्येक पौधे के पेड़ के डीलडौल के अतिरिक्त पत्तियाँ भी प्रत्येक जाति के पौधे की अलग-अलग रूप लिये होती हैं। अभी तीन लाख से अधिक पौधों की जातियां पाई गयी हैं। जो बिल्कुल भिन्न भिन्न गुण लिए हुए हैं।

वनस्पतियों के अतिरिक्त जीवों की प्रजातियाँ भी लाखों में हैं जो अदृश्य बैक्टीरिया से लेकर विशालकाय व्हेल मछली तक विश्व पटल पर विद्यमान हैं। सभी जीव एक-दूसरे के भोजन के रूप में उपलब्ध हैं। यह भी अनउत्तरित प्रश्न है, क्यों वनस्पति एवं विभिन्न जीव (मानव समेत) उत्पन्न होते हैं और क्यों फिर मर जाते हैं। मानव विकसित विज्ञान इन प्रश्नों के उत्तर आज भी नहीं ढूंढ पाया है।

फारूख: वास्तव में यह आश्चर्यजनक विषय है कि पौधे स्वतः उपयुक्त जलवायु में पेड़ का रूप ले लेते हैं और फिर बरसों तक बिना किसी खाद पानी के बने रहते हैं और फल उत्पन्न करते रहते हैं। प्रत्येक जीव के आंख, नाक, कान स्वतः बनते हैं और उचित स्थान पर ही बने होते हैं। किसी मानव शिशु के आँखें पीछे नहीं पायी गयीं और नाक, पैर अथवा टांग में लगी हुई नहीं पैदा हुई। सभी परिन्दों के पंख-चोंच, टांगे अपने माता-पिता के समान ही बनते हैं।

जय भगवान: सृष्टि का होना भी अपने आप में विकट प्रश्न है। इस सृष्टि का आशय क्या है। मानव सुख दुःख क्यों भोगता है और फिर समाप्त हो जाता है।

बाबा बागड़ी: ये सब आश्चर्यजनक प्रश्न ही मानव को अदृश्य शक्ति पर विश्वास करने के लिए मजबूर करते हैं ताकि अज्ञात कारणों का जिम्मेदार उसे बनाया जा सके और मानव अपने सुख और दुखों का कारण उसे समझ कर अशान्ति से बच जाता है। अपने जीवन को आसान बना लेता है परन्तु सब कुछ विश्वास के ऊपर निर्भर है।

सौर मण्डल एवं आकाश गंगा का अस्तित्व

आज बाबा बागड़ी सौर मण्डल के अस्तित्व पर प्रश्न चिन्ह लगाकर, मानवचित्त की मजबूरी बयां कर रहे हैं।

बाबा बागड़ी: सभी जीवों में सिर्फ मानव ही ऐसा जीव है जो सोचने समझने की क्षमता रखता है। अतः उसका जिज्ञासू मन प्रत्येक कारण का उत्तर चाहता है जब उसे अपने विज्ञान से अपने अनुभव से, अपने पूर्व इतिहास से अपनी उत्सुकताओं के उत्तर नहीं मिलते तो एक दृश्य शक्ति पर विश्वास कर अपनी जिज्ञासा शांत कर लेता है। अर्थात यह कहा जा सकता है कि अपनी उत्सुकताओं का तर्क संगत उत्तर न मिल पाने के कारण उसकी मजबूरी बन जाती है कि वह किसी अदृश्य शक्ति की कल्पना पर विश्वास कर ले। यद्यपि सभी लोग इन कल्पनाओं पर विश्वास नहीं कर पाते हैं।

सौर मण्डल-आकाश गंगा का अस्तित्व ही एक अनसुलझा प्रश्न उत्पन्न करता है। सौर मण्डल अर्थात सूर्य, पृथ्वी, शुक्र, ब्रहस्पति, शनि आदि उसके समस्त ग्रह कैसे अस्तित्व में आये और क्येां? पृथ्वी पर ही सृष्टि सुलभ वातावरण क्यों उत्पन्न हुआ और क्यों, पृथ्वी पर सृष्टि का सृजन हुआ? इन सब प्रश्नों का उत्तर, धर्म द्वारा ईश्वर की कल्पना कर दिया जाता है। परन्तु ईश्वर का अस्तित्व कैसे हुआ उसका क्या उद्देश्य है। सौर मण्डल बनाने का क्या उद्देश्य है? हमारे सौर मण्डल जैसे आकाश गंगा में स्थित अनेकों सौर मण्डलों का क्या मकसद है? पृथ्वी पर अनेक जीव जन्तु-पेड़-पौधे और मानव जाति की उत्पत्ति का, क्या मतलब हो सकता है मानव जैसे बुद्धिमान जाति के अस्तित्व का? विज्ञान द्वारा अभी तक कोई तर्कसंगत उत्तर उपरोक्त प्रश्नों का नहीं ढूंढा जा सका है। अतः तर्कसंगत उत्तरों के अभाव में सिर्फ विश्वास के भरोसे धर्म निभाना मजबूरी बन जाती है और इंसान अपने इष्ट देव के देवालय (मन्दिर, मस्जिद, चर्च, पगोडा आदि) बनाकर उसकी पूजा अर्चना कर अपने मन को शांत करने का उपाय कर लेता है। यह विश्वास उसे अनेक जीवन के दुखों में धैर्य बनाये रखने में सहायक होता है। यदि मन शांत होता है, तो अनेक दुर्लभ कार्यों में भी सफलता की सम्भावना बढ़ जाती है। सफलता मिलते ही उसका ईश्वर पर विश्वास भी दृढ़ होता जाता है।

जय भगवान: बाबा हमारे समाज में तो सूर्य देवता और चन्द्रदेवता माने जाते हैं और पूजा की जाती है फिर उनके अस्तित्व पर प्रश्न उठाना कहाँ तक उचित है, जो कि साक्षात दिखाई देते हैं।

बाबा बागड़ी: हिन्दू धर्म की विशेषता रही है कि जिस वस्तु से मानव समाज का अस्तित्व जुड़ा हुआ है, उसे ईश्वर के रूप में पूजा जाता है। सूर्य के बिना पृथ्वी पर सृष्टि की कल्पना बेमानी है, क्योंकि पृथ्वी के लिए ऊर्जा का मुख्य स्रोत सूर्य ही है। अतः उसे ईश्वर के रूप में मान्यता दी गई। इसी प्रकार चन्द्रमा रात्रि में शीतलता प्रदान करता है, अंधेरे में दिखाता है उसे भी देवता के रूप में पूजा गया। जबकि वैज्ञानिकों ने वहाँ पर कदम रखकर सिद्ध कर दिया है कि चन्द्रमा भी पृथ्वी की भांति धरातल है और बड़ी-बड़ी खाईयों का समूह है, सूर्य की ऊर्जा से चमकीला दिखाई देता है। पानी और हवा के अभाव में वहाँ सृष्टि की उत्पत्ति हुई है।

फारूख: मेरा तो तीसरा नेत्र भी खुलता जा रहा है, बाबा जी की बातें सुनकर।सोचने के लिए बहुत कुछ मिल रहा है।

अनेक रहस्यात्मक तथ्य

अब बाबा बागड़ी कुछ ऐसे प्रश्न रख रहे हैं जिनके उत्तर के अभाव में इंसान किंकर्तव्यविमूढ़ हो जाता है, देखें क्या हैं वे रहस्य भरे प्रश्न?

बाबा बागड़ी: बहुत सारे प्रश्न ऐसे हैं जिनको सोचकर भी इंसान की बुद्धि भ्रष्ट हो जाती है जिनका उत्तर इंसान की बुद्धिमत्ता के परे है। जैसे प्रारम्भ में इंसान एवं विभिान्न अन्य जीवों का अस्तित्व कैसे हुआ। प्रथम इंसान, प्रथम जीव वह भी विभिन्न प्रजातियों में (लाखों में), प्रथम वनस्पति पौधा अथवा बीज वह भी लाखों प्रकार के कैसे उत्पन्न हुए परन्तु उस प्रारम्भिक रूप में अब नई आबादी क्यों नहीं होती। अब कोई नई प्रजाति अस्तित्व में क्यों नहीं आती। पृथ्वी पर विभिन्न गैसें ऑक्सीजन, नाइट्रोजन, हाइड्रोजन आदि कैसे आयी, पानी एवं अन्य द्रव पदार्थ कैसे आये। लोहा, सोना, चांदी, कॉपर, जैसी अनेक धातुएं खानों में कहाँ से आ गई। इसी प्रकार अनेकों कैमिकल्स, ऑर्गेनिक्स का आगमन कैसे हुआ। प्रत्येक गृह में आकर्षण शक्ति का उद्भव कैसे हुआ जिसने अपने से छोटे अस्तित्व वाले गृह को परिकृमा करने को मजबूर किया।

विज्ञान के नियम के अनुसार यदि गृह परिकृमा न करें तो अपने से बड़े गृह से टकराकर नष्ट हो जायेंगे। उपरोक्त ऐसे प्रश्न मानव मन को उद्वेलित कर देते हैं। विज्ञान के सहारे आगे भी इन सब प्रश्नों के उत्तर मिलने की सम्भावना नहीं है। अन्त में निरूत्तर होकर पूर्वजों द्वारा बताये आध्यात्मिक रास्ते पर चलने को मजबूर हो जाता है। वह भयभीत हो जाता है कि यदि वास्तव में ईश्वर अल्लाह, गौड हुआ अर्थात कोई दिव्य शक्ति हुई तो मेरे पूजा पाठ न करने पर दण्ड मिल सकता है। अतः धर्माचरण के रास्ते पर चलना ही उसकी मजबूरी बन जाती है। उसके मन में उठे कौतूहल के तूफान शांत करने का माध्यम आध्यात्म ही रह जाता है।

जय भगवान: वास्तव में ये सब ऐसे रहस्य हैं जो आज भी पहेली बने हुए हैं और निकट भविष्य में उत्तर मिलने की संभावना भी नहीं है।

फारूख: जैसा कि वैज्ञानिक दावा करते हैं किसी गृह पर भी जीवों का अस्तित्व होने की पूरी सम्भावना है तो यह रहस्य और भी विस्मयकारी हो जायेगा।

बाबा बागड़ी: यही कारण है आधुनिक युग में भी जब मानव ने इतना विकास कर लिया है, ईश्वर की कल्पना की सत्यता पर विश्वास दृढ़ हो जाता है।

विचित्र घटनाओं से हैरान मन मस्तिष्क

बाबा: अनेकों प्राकृतिक घटनाएं अथवा आपदाएं जैसे भूकम्प का अनुभव, ज्वालामुखी का फटना, बिजली चमकना, अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, तूफान, समुद्री तूफान, ज्वार भाटा, ओलावृष्टि आदि ऐसी अप्रत्याशित घटनाएं जिनका उत्तर वैज्ञानिक खोजों से जान लिया गया है परन्तु आज भी सभी लोग शिक्षित नहीं है अथवा शिक्षित हैं तो विज्ञान के बारे में अनभिज्ञ हैं। उनके लिए उपरोक्त प्राकृतिक घटनाएं आज भी विधि की विडम्बना ही हैं, जो उनकी धार्मिक आस्था को दृढ़ बनाते हैं और ईश्वरीय सत्ता को स्वीकार करते हैं। कुछ ऐसे भी व्यक्ति हैं जो विज्ञान के अच्छे जानकार हैं परन्तु धार्मिक आस्था को वैज्ञानिक तर्कों की कसौटी से तोलने को तैयार नहीं होते और परम्परागत तरीके से धार्मिक आचरण निभाते हैं और ईश्वरीय अस्तित्व को स्वीकार करते हैं।

इक्कीसवीं सदी के विकसित प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान के बावजूद धार्मिक वातावरण में कोई विशेष परिवर्तन परिलक्षित नहीं होता। सभी धार्मिक गतिविधियां कुछ संशोधित होकर आज भी विद्यमान हैं।

जय भगवान: बाबा आगे आने वाला समय कैसा लगता है अर्थात धार्मिक आचरण की क्या सीमाएं हो सकती हैं?

बाबा बागड़ी: वैज्ञानिक उन्नति के साथ-साथ लोगों की सोच में परिवर्तन तो आना अवश्य है और यह परिवर्तन धीरे-धीरे आ रहा है। विकास के लिए कट्टरता छोड़ना भी आवश्यक हो गया है। शायद कट्टरपन का जो उन्माद इस समय विश्व पर छा गया है, बुझते दिये की लौ के कारण हो।

फारूख: यह तो निश्चित है आने वाले समय में भौतिक विकास को छोड़कर धर्म का साथ देने वाले बहुत कम होंगे। विकास के साथ-साथ धर्म का पालन तो सम्भव है।

बाबा बागड़ी: जनता को वैज्ञानिक उपलब्धियों, जानकारियों एवं शिक्षा से दूर अधिक दिन तक नहीं रखा जा सकता। मानव प्रकृति है, वह अधिक से अधिक सुविधाजनक जीवन जीना चाहता है, तन एवं मन से स्वस्थ रहना चाहता है जो बिना विज्ञान एवं तकनीकी ज्ञान के बिना सम्भव नहीं है। और उसके साथ ही ‘ईश्वरीय सत्ता को मानने की मजबूरी।’ इसके साथ ही अध्याय संख्या छः समाप्त होता है।