आश्रम की झांकी / सत्य के प्रयोग / महात्मा गांधी

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मजदूरो की बात को आगे बढाने से पहले यहाँ आश्रम की झाँकी कर लेना आवश्यक है। चम्पारन मे रहते हुए भी मैं आश्रम को भूल नही सकता था। कभी कभी वहाँ हो भी आता था।

कोचरब अहमदाबाद के पास एक छोटा सा गाँव है। आश्रम का स्थान इस गाँव मे था। कोचरब मे प्लेग शुरू हुआ। आश्रम के बालको को मै उइस बस्ती के बीच सुरक्षित नही रख सकता था। स्वच्छता के नियमो का अधिक से अधिक सावधानी से पालन करने पर भी आसपास की अस्वच्छता से आश्रम को अछूता रखना असमभव था। कोचरब के लोगो से स्वच्छता के नियमों का पालन कराने की अथवा ऐसे समय उनकी सेवा करने की हममे शक्ति नही थी , हमारा आदर्श तो यह था कि आश्रम को शहर या गाँव से अलग रखे , फिर भी वह इतना दूर न हो कि वहाँ पहुँचने मे बहुत कठिनाई हो। किसी न किसी दिन तो आश्रम को आश्रम के रूप मे सुशोभित होने से पहले अरनी जमीन पर खुली जगह मे स्थिर होना ही था।

प्लेग को मैने कोचरब छोड़ने की नोटिस माना। श्री पूंजाभाई हीराचन्द आश्रम के साथ बहुत निकट का सम्बन्ध रखते थे और आश्रम की छोटी बड़ी सेवा शुद्ध और निरभिमान भाव से करते थे। उन्हें अहमदाबाद के कारबारी जीवन का व्यापक अनुभव था। उन्होंने आश्रम के लिए जमीन खोज तुरन्त ही कर लेने का बीड़ा उठाया। कोचरब के उत्तर दक्षिण के भाग मे मैं उनके साथ घूमा। फिर उत्तर की ओर तीन चार मील दूर कोई टुक़डा मिल जाय तो उसका पता लगाने की बात मैने उनसे कही। उन्होंने आज की आश्रमवाली जमीन का पता लगा लिया। वह जेल के पास है , यह मेरे लिए खास प्रलोभन था। सत्याग्रह आश्रम मे रहने वाले के भाग्य मे जेल तो लिखा ही होता है। अपनी इस मान्यता के कारण जेल का पड़ोस मुझे पसन्द आया। मै यह तो जानता ही था कि जेल के लिए हमेशा वही जगह पसन्द की जाती है जहाँ आसपास स्वच्छ स्थान हो।

कोई आठ दिन के अन्दर ही जमीन का सौदा तय कर लिया। जमीन पर न तो कोई मकान था, न कोई पेड़। जमीन के हक मे नदी का किनारा और एकान्त ये दो बड़ी सिफारिशे थी। हमने तम्बुओ मे रहने का निश्चय किया और सोचा कि रसोईघर के लिए टीन का एक कामचलाऊ छप्पर बाँध लेंगे और धीरे धीरे स्थायी मकान बनाना शुरू कर देंगे।

इस समय आश्रम की बस्ती बढ गयी थी। लगभग चालीस छोटे-बढे स्त्री-पुरुष थे। सुविधा यह थी कि सब एक ही रसोईघर मे खाते थे। योजना का कल्पना मेरी थी। उसे अमली रूप देने का बोझ उठाने वाले तो नियमानुसार स्व. मगललाल गाँधी ही थे।

स्थायी मकान बनने से पहले की कठिनाइयों का पार न था। बारिश का मौसम सामने था। सामान सब चार मील दूर शहर से लाना होता था। इस निर्जन भूमि मे साँप आदि हिंसक जीव तो थे ही। ऐसी स्थिति मे बालको की सार सँभाल को खतरा मामूली नही था। रिवाज यह था कि सर्पादि को मारा न जाय लेकिन उनके भय से मुक्त तो हममे से कोई न था , आज भी नही है।

फीनिक्स, टॉल्सटॉय फार्म और साबरमती आश्रम तीनो जगहों मे हिंसक जीवो को न मारने का यथाशक्ति पालन किया गया है। तीनो जगहों मे निर्जन जमीने बसानी पड़ी थी। कहना होगा कि तीनो स्थानो में सर्पादि का उपद्रव काफी था। तिस पर भी आज तक एक भी जान खोनी नही पड़ी। इसमे मेरे समान श्रद्धालु को तो ईश्वर के हाथ का , उसकी कृपा का ही दर्शन होता है। कोई यह निरर्थक शंका न उठावे कि ईश्वर कभी पक्षपात नही करता , मनुष्य के दैनिक कामो मे दखल देने के लिए यह बेकार नहीं बैठा है। मै इस चीज को, इस अनुभव को , दूसरी भाषा मे रखना नही जानता। ईश्वर की कृति को लौकिक भाषा मे प्रकट करते हुए भी मैं जानता हूँ कि उसका 'कार्य' अवर्णनीय है। किन्तु यदि पामर मनुष्य वर्णन करने बैठे तो उसकी अपनी तोतली बोली ही हो सकती है। साधारणतः सर्पादि को न मारने पर भी आश्रम समाज के पच्चीस वर्ष तक बचे रहने का संयोग मानने के बदले ईश्वर की कृपा मानना यदि वहम हो , तो वह वहम भी बनाये रखने जैसा है।

जब मजदूरो की हड़ताल हुई , तब आश्रम की नींव पड़ रही थी। आश्रम का प्रधान प्रवृत्ति बुनाई काम की थी। कातने की तो अभी हम खोज ही नही कर पाये थे। अतएव पहले बुनाईघर बनाने का निश्चय किया था। इससे उसकी नींव चुनी जा रही थी।