औरतों की गुलामी का संविधान है / मैत्रेयी पुष्पा

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
पौराणिक संविधान औरतों की गुलामी का संविधान है
साक्षातकारकर्ता:दयानंद पांडेय

(मैत्रेयी की बात चलती है तो कलावती और सारंग साथ हो लेती हैं। अनायास। ‘इदन्नमम’ और ‘चाक’ उनके दो उपन्यासों से वह लगातार चर्चा बनी हुई हैं।अभी बीते दिनों नया ज्ञानोदय को दिए गए एक इंटरव्यू में जब विभूति नारायन राय ने लेखिकाओं को छिनाल शब्द से नवाज़ा, तो मैत्रेयी ने विभूति नारायन राय समेत नया ज्ञानोदय के संपादक रवींद्र कालिया और उन की मंडली को जिस तरह अकेलेदम दौड़ा लिया, और बहुत दूर तक। वह भी हैरतंगेज़ था। मंज़र यह हो गया कि जैसे शिकारी ही शिकार से भागने लगा। और भागते-भागते हांफने लगा हो। अंतत: विभूति नारायन राय और रवींद्र कालिया को आफ़िशियली, सार्वजनिक रुप से इस के लिए माफ़ी मांगनी पड़ी। मैत्रेयी जैसे विजयी नायिका बन कर उभरीं। और मैं समझता हूं कि इस पूरे विवाद की खुमारी हिंदी समाज के मन से अभी भी उतरी नहीं है। खैर, १९९७ में कथाक्रम की एक गोष्ठी में भाग लेने वह लखनऊ आई थीं।)

(यह साक्षात्कार नवम्बर 1997 में लिया गया था.)


पहले आप के बारे में ही जानें?

अलीगढ़ के एक गांव सिकुर्रा में 30 नवंबर 1944 में पैदा हुई। प्राइमरी पढ़ाई भी वहीं की। पिता के निधन के बाद मां के साथ झांसी के खिल्ली गांव आ गई। पिता खेती करते थे पर मां ने नौकरी शुरु की। फिर एक यादव परिवार में मेरी परवरिश शुरु हुई। मेरा पालन पोषण और पढ़ाई-लिखाई यादव परिवार में ही हुआ।

लिखना कब से शुरू किया?

कालेज के समय से ही। कविताएं। फिर शादी हो गई तो लिखना बंद हो गया। शादी तो बीच पढ़ाई में हो गई थी। बच्चों को संभालने में लग गई। जब बच्चे बड़े हो गए तो लिखना शुरू किया।

बच्चे कितने हैं?

तीन बेटियां हैं और तीनों डाक्टर हैं। पति डा. आर सी शर्मा भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय में एडिशनल डरायरेक्टर जनरल हैं। वह भी डाक्टर रहे हैं। अलीगढ़ से ही वह भी हैं।

कभी आप ने भी नौकरी की?

मैं ने कभी नौकरी नहीं की। लिखने के अलावा कुछ नहीं किया।

बाकायदा कब से लिखना शुरू किया?

1985 से। चिन्हार, ललमनिया और गोमा हंसती है तीन कहानी संग्रह और 4 उपन्यास स्मृति दंश, बेतवा बहती रही, इदन्नम और चाक हैं।

पर चर्चा इदन्नमम से शुरू हुई

हां।

लगातार चर्चा में बने रहने से क्या महसूस करती हैं?

एक लेखक के इतना चर्चित होने का मतलब अपने चर्चित रहने से नहीं, हां किताब लोगों तक पहुंची तो!

यह जो एक साथ आपने दलित और स्त्री दोनों का विमर्श शुरू किया तो क्या यह सब कुछ नियोजित कर के किया?

नियोजित नहीं किया।

फिर?

स्वभाविक रूप से दलित एक साथ होगा। आप ने देखा होगा कि अगर घर में दो नौकर होते हैं तो एक हो जाते हैं। गुलामी उन्हें आपस में जोड़ देती है और आज़ाद होने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।

लेकिन अमूमन घरों में नौकर इन दिनों गुलाम नहीं होते। वह जीविका के लिए नौकर बने होते हैं। तो यहां उन की आज़ादी से क्या मतलब?

नौकर वाली बात आप छोड़ दीजिए। दास मान लीजिए और जो भी दास होगा, जिस के ऊपर दासता थोपी जाएगी वही अपने को शोषित पाएगा। अपने ही से मिलेगा। किसी मालिक से तो मिलेगा नहीं।

औरतों को आप भी शोषित और दासता के फ्रेम में बांधती हैं?

पांच हज़ार साल का पौराणिक संविधान औरतों की गुलामी का संविधान है।

और आज का संविधान?

आज के संविधान में लिखित रूप में तो औरतो को हक है, व्यवहारिक रूप में नहीं। गांव की औरत आज भी अपने मन से वोट तक डालने नहीं जाती। तो यह दोगली नीति हुई कि नहीं!

यह जो फ़ेमिनिस्ट औरतें हैं उन की भी वकालत करना चाहेंगी?

नहीं। पर मैं औरतों को खाने में बांट कर नहीं देखती। हां, वुमेनिज़्म जब नारेबाजी में आ जाती है तो इस को मैं नहीं मानती। क्यों कि किसी आंदोलन के लिए संघर्ष ज़रूरी होता है नारा नहीं। फ़ेमिनिस्ट स्त्री भी, कहीं भी हो जब तक मानसिक गुलामी से नहीं छूटती, आज़ाद नहीं होगी। चाहे वह कितने भी नारे लगाए।


आप अपनी स्त्री को संघर्ष के भीतर पाती हैं?

मैं अपनी स्त्री को संघर्ष के भीतर पाती हूं।

तो आप भी दासता में जी रही हैं? आजाद नहीं हैं?

अगर आजादी पा ली होती तो क्यों लिखती? क्यों किसी त्रासदी की बात करती? तब तो जद्दोजहद खत्म हो गई होती।

यह बताइए कि कलावती चाची और सारंग एडाप्टेड करेक्टर हैं कि क्रिएटेड।

कलावती चाची तो एडाप्टेड करेक्टर हैं पर सारंग क्रिएटेड।

कलावती चाची इस समय किस स्थिति में हैं?

अपनी ही स्थितियों में।

कलावती चाची को मालूम है क्या अपने इस चरित्र के बाबत कि वह ‘चाक’ में किस तरह उपस्थित हैं?

कलावती पढ़ी लिखी नहीं है। पर जब कलावती चाची यह जानेंगी तो मेरी गरदन काट लेंगी।

तो कब तक बची रहेगी आप की गरदन?

नहीं बचेगी। गांव में तो लोग पूछते रहते हैं चाक के बारे में कि कब छपेगी किताब, लेकिन मैं टाल जाती हूं।

क्या ओरिजिनल कलावती चाची भी ऐसी ही हैं जैसी चाक में उपस्थित हैं?

हां।

कि किसी पुरूष का पुसंत्व जगाने के लिए देह समर्पित कर दें?

उन का स्वभाव यही है।

कलावती का चरित्र फ्रेम करते समय क्या जैनेंद्र कुमार की सुनीता भी कहीं आप के जेहन में थी?

नहीं। क्यों?

इस लिए कि सुनीता की नायिका भी एक क्रांतिकारी के सोए क्रांतिकारी को जगाने खातिर एक निर्जन जगह अचानक निर्वस्त्र हो जाती है और आप की स्थिति थोड़ी अलग है कि पुंसत्व जगाने के लिए स्त्री समर्पित हो जाती है!

नहीं मेरे जेहन में यह नहीं था। सुनीता की याद भी नहीं है। पर यह सब परिस्थितियों की डिमांड है। सारंग का संसर्ग या कलावती का संसर्ग। फिर वह बिछुआ वाला संवाद भी इसी अर्थ में है कि हम जाट स्त्री बिछुआ अपनी जेब में रखती हैं। जब चाहती हैं पहन लेती हैं, जब चाहती हैं उतार लेती हैं।

संदेश क्या देना चाहती हैं इस संवाद से?

यह कि सुहाग चिह्न पुरूष को क्यों नहीं दिए? क्यों स्त्री को ही दिए, उसे वह संस्कार दे दिए कि वह सजने संवरने लगती है। क्यों ?

तो क्या आप चाहती हैं कि पुरुषों को भी सुहाग चिह्न दिया जाना चाहिए?

नहीं। किसी को भी सुहाग चिह्न नहीं दिया जाना चाहिए।

आप को नहीं लगता कि कलावती चाची और सारंग जैसे चरित्रों के चलते ही आप चर्चा में छा गईं

आप इस बहाने अश्लीलता का आरोप मढ़ना चाहते हैं?

नहीं। शील-अश्लील की बात नहीं। पर यह तो हो ही गया है कि कई महिला लेखिकाओं के लिए आप एक बैरियर रेखा बन कर उभरी हैं। सब की चिंता यही है कि इस मैत्रेयी पुष्पा बैरियर से बड़ा बैरियर कैसे गढ़ें?

इस की तरफ तो मैं ने नहीं सोचा पर यह बात ज़रुर है कि गांव की स्त्री पहली बार इस रुप में आई है तो इस से किसी को परेशानी होती है या बैरियर दिखता है तो मैं क्या करूं?

गांव पर ही लिखती रहेंगी या?

गांव को समस्या छोड़ेगी नहीं तो कैसे छोड़ सकती हूं गांव पर लिखना!


गांव अब भी जाती हैं?

हर महीने गांव जाती हूं।

बरसों से अब आप शहर में रह रही हैं। किसी शहरी प्लॉट पर लिखने का मन नहीं होता?

मैं शहरी नहीं बन पाई।

क्यों?

यह व्यक्तिगत बात है। क्यों कि गांव से ही मानसिक स्तर पर जुड़ी हुई हूं। आज भी।

इस्मत चुगताई, महाश्वेता देवी, मृदुला गर्ग और मैत्रेयी पुष्पा इन चार बिंदुओं को मिलाना हो किसी रेखा द्वारा तो कैसे मिलाएंगी आप?

मैं नहीं मिलाना चाहूंगी।

आप एक तरफ दलितों, दासों की बात करती हैं दूसरी तरफ ‘बोल्ड’ हो जाती हैं, इसलिए भी इस रेखा की अर्थवत्ता और इयत्ता बनती है!

फिर भी मैं कुछ नहीं कहूंगी।

अच्छा महाश्वेता देवी से आप अपने को कितना करीब या कितना दूर पाती हैं?

अगर किसी के करीब हूं तो रेणु और महाश्वेता के। महाश्वेता के बहुत करीब पाती हूं। दूर का सवाल कहां उठता है वहां जहां शोषण हो!

मैत्रेयी पुष्पा आपका मूल नाम है?

मैत्रेयी मेरा मूल नाम है। पुष्पा बोलने का।

जिस पारिवारिक पृष्ठभूमि को आप ने बताया उसमें मैत्रेयी नाम कैसे?

पत्रा और पंडित के अनुसार राशि का यही नाम निकला था। और आप यह बताइए कि गांव में विद्वान मनुष्य होना क्या आप को आश्चर्य में डाल रहा है?

नहीं मैं भी गांव का हूं। चलिए बताइए कि आप की अरेंज्ड मैरेज थी या?

अरेंज्ड! सरोकारनामा से साभार