नब्ज / सुकेश साहनी

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन..."हैलो? देखिए हमने मेट्रिमोनिअल में साफ लिखा है, हमें 'मिल्की व्हाइट' लड़की चाहिए, आपके पास है तो आगे बात करने का फायदा है अन्यथा हमारा कीमती समय खराब न करें।" ...आल लाइन्स ऑफ दिस रूट आर बिजी, प्लीज डायल आफ्टर सम टाइम, थैंक्यू! ...ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन "शौकत भाई! नीले फीतों की अगली खेप जल्दी भेजो, सब के सब 'फुलइरेक्ट' होने चाहिए। वियाग्रा! जितनी भेज सकते हो भेज दो...बहुत डिमान्ड है इधर। रेट की चिन्ता मत करो, इस काम के लिए बहुत पैसा है हमारे मुल्क में। हा...हा...हा...हा..." ...कृपया डायल किया नम्बर जाँच लें...प्लीज चैक द नम्बर यू हैव डायल्ड...ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन... "हुजूर, मैं बोल रहा हूँ। जी... जी... जी! ठेका हमें ही मिलना चाहिए, हुजूर! अपनी ईमानदारी के लिए तो हम हर कहीं मशहूर हैं। जी? ...हें...हें...हें...कृपा बनाए रक्खें...जय हिन्द साहब!" ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन... "हैलो डॉक्टर क्या कहती है आपकी अल्ट्रासोनोग्राफी? क्या? ...ओह शिट! ...फिर लड़की! ...सोचना क्या है, एबॉर्शन कर दीजिए... वाइफ को मैं सँभाल लूँगा..." ...यह नम्बर बदल गया है...दिस नम्बर इस चेंज्ड...ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन... "इस मामले में मेरे साले का नाम कहीं नहीं आना चाहिए। ...ऊखीमठ और मालिपा आजकल सुर्खियों में हैं...अपनी रिपोर्ट में पुल बहने का कारण 'लैन्ड स्लाइडिंग' लिख दो, बाकी सब मैं देख लूँगा! वैसे तुम्हें पता है न कि तुम्हारी चीफ पर प्रोन्नति की फाइल मेरे पास है..." ...ट्रिन-ट्रिन... ट्रिन-ट्रिन... "हैलो जानेमन! तुम्हारा मन पसन्द म्यूजिक सिस्टम खरीद लिया है हियर इज योर फेवरिट नम्बर, सुनो-राइड मी ऑन बेबी! आइ एम वाइल्ड! ...गिव मी वन मोर टाइम..." ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन... "राम रहीम एक ही घाट पर पानी पी रहे हैं...लानत है हम पर! हाइकमान बहुत खफा हैं। जल्दी ही 'कुछ' करना होगा नहीं तो दाना-पानी बन्द ही समझो" ...ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन... "हैलोसवि! यार, हम तो बोर हो गए, दो दिन से केबिल ही नहीं आ रहा" ... प्लीज डायल फाइव टू इन प्लेस ऑफ फो रसिक्स...ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन... "हैलो, मैंने लाइफ पार्टनर चुन लिया है, यस-थ्रू इन्टरनेट चैट लाइन...शी इज फैनटैसटिक!" ...ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन... "हैलो, हाँ भाई, खास खबर है तभी तो...मालपा राहत दल के साथ जाने का जुगाड़ फिट किया था। नहीं, खराब मौसम की वजह से लैन्ड नहीं कर सके, पर मुफ्त की सैर तो हो गई... पहली दफा हेलीकाप्टर में बैठना हुआ, ऊपर से क्या गजब का दिखता है सब कुछ...यार, मजा आ गया!" ...ट्रिन-ट्रिन...ट्रिन-ट्रिन... "हैलो! बेटी! कैसी हो? ...तुम्हारी आवाज को क्या हुआ है? फिर दहेज को लेकर कोई बात हुई क्या? ...तुम चुप क्यों हो? ...तुम रो रही हो? ...हैलो? हैलो? हैलो? ...बेटी, घबराना नहीं...मैं आ रहा हूँ।" ...आल लाइन्स ऑफ दिस रूट आर बिजी प्लीज डायल आफ्टर सम टाइम...इस रूट की...

-0-