राजकुमार की प्रतिज्ञा / यशपाल जैन / पृष्ठ 4

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

युवती करुणा से भर कर बोली,

"नहीं, उसकी नौबत नहीं आयेगी। मैं तुम्हें एक काला और एक सफेद बाल देती हूं। काले बाल को जलाओगे तो पिशाचों की फौज आ जायेगी। सफेद बाल को जलाओगे तो देवों की फौज आ जायेगी। वे तुम्हारी हर तरह से मदद करेंगे। जो कहोगे, वही करेंगे।"

राजकुमार के खोये प्राण आये। उसने उस युवती का आभार मानना चाहा, पर उसके मुंह से शब्द नहीं निकले। चुप रहा।

युवती बोली, "मेरी एक शर्त तुम्हें माननी होगी।"

"वह क्या?" राजकुमार ने उत्सुकता से पूछा।

युवती ने गंभीर होकर पूछा, "तुम पद्मिनी को लेकर जब लौटोगे तो मुझे भी साथ ले जाओगे!"


"तुम्हारी यह शर्त मुझे मंजूर है।" राजकुमार ने बड़े सहज भाव से कहा।

युवती बोली, "मैं जानती हूं कि तुम्हारे भीतर कितनी आग धधक रही है। मैं तुम्हें रोकूंगी।’’.....

उसे बीच में ही रोककर राजकुमार ने कहा, "मेरा मित्र बाहर बहुत बेचैन हो रहा होगा। अब तुम मुझे जाने दो।"

“मुझे भी साथ ले चलो।”

बड़ी शरारत-भरी आवाज में युवती बोली, "मैं तुम्हें इस घर में अधिक दिन नहीं रक्खूंगी। बस, आज की रात, सिर्फ आज की रात, तुम मेरे साथ चौपड़ खेल लो।"

राजकुमार राजी हो गया। रात-भर उसके साथ चौपड़ खेलता रहा। उसने युवती को बार-बार हराया, पर हराकर युवती व्यथित नहीं हुई, उसे पता चला कि राजकुमार की बुद्धि कितनी प्रखर है।

सवेरा होने से पहले युवती ने उसे एक डिब्बी में दो बाल दिये और उसकी अंगूठी लौटा दी। बोली, "जाओ। रास्ता कठिन जरूर है, पर तुम्हें सफलता मिलेगी।"

उसने बड़े प्यार से राजकुमार को विदा किया और उसके जाने के लिए दरवाजा खोल दिया।

उस एक रात में वजीर के लड़के की जो हालत हो गई थी, उसे वही जानता था। उसे लग रहा था कि अब राजकुमार अंदर ही फंसा रहेगा, बाहर नहीं आयेगा। पर सहसा दरवाजा खुला और राजकुमार बाहर आता दीख पड़ा तो वह अपनी आंखों पर विश्वास नहीं कर सका। उसका जी भर गया। वह दौड़कर राजकुमार से लिपट गया और बच्चों की तरह फूट-फूट कर रोने लगा।

राजकुमार ने उसे ढांढस बंधाया। बोला, "मित्र, घबराने की जरूरत नहीं है। जो होता है, अच्छा ही होता है।

इसके बाद उसने जादूगरनी की पूरी कहानी उसे कह सुनाई। बोला, "मैं तो मानता हूं कि आदमी का इरादा पक्का हो तो उसे कामयाबी मिलकर ही रहती है। उसके रास्ते में बाधाएं आती हैं, पर वे दूर हो जाती हैं।"

वजीर के लड़के ने कहा, "आप सही कहते हो, साधना के बिना सिद्धि नहीं मिलती।"

अब उन्होंने फिर आगे का रास्ता पकड़ा। उस नगरी से निकल कर अब वे खुले मैदान में थे। इधर-उधर खेतों में फसल उग रही थी। लोग अपने-अपने काम में लगे थे।

वे लोग चलते गये, चलते गये। रास्ते में खेत-खलिहानों के अलावा कहीं-कहीं हरे-भरे बाग-बगीचे मिलते, कहीं नदी-नाले, पर उन सबको पार करते वे निर्विध्न बढ़ते ही गये।

रात होने से पहले उन्हें एक आश्रम मिला। उस आश्रम के बाहर एक साधु बैठे थे। सिर पर बड़ी जटाएं, लम्बी दाढ़ी, घनी मूछें, भरा-पूरा चेहरा। राजकुमार का मन हुआ कि रात को वहीं ठहर जायें। उसने अपने साथी से सलाह की तो वह भी राजी हो गया।

राजकुमार ने तब साधु के पास जाकर कहा, "हम मुसाफिर हैं। बहुत दूर से आ रहे हैं। यदि आपकी अनुमति हो तो रात को यहां ठहर जायें। सवेरे चले जायेंगे।"

साधु बोले, "यह तो आश्रम है। हर कोई यहां रुक सकता। तुम आराम से ठहरो और जबतक मन करे, हमारे साथ रहो!"

राजकुमार को यह सुनकर बड़ी खुशी हुई। उन्होंने घोड़ों को वहीं बांध दिया और आश्रम के एक कमरे में बिस्तर लगाया।

खा-पीकर जब बैठे तो साधु महाराज भी वहीं आ गये। बातें होने लगीं। साधु बाबा बहुत पहुंचे हुए व्यक्ति थे। जब वह बोलते थे, ऐसा प्रतीत होता था, मानो उनके मुख से फूल झड़ रहे हों। उन्होंने पूछा, "तुम लोग कहां से आ रहे हो? कहां जा रहे हो? तुम्हारी यात्रा का उद्देश्य क्या है?"

राजकुमार ने सारी जानकारी विस्तार से दे दी और अंत में कहा, "बाबाजी, आर्शीवाद दीजिये कि हमें अपने उद्देश्य में सफलता मिले।"

बाबा विह्वल हो आये। बोले, "मेरा आशीर्वाद तो हमेशा सबके साथ रहता है। तुम्हारे साथ भी है। पर वत्स, तुम्हारा काम तो आकाश से तारे तोड़ लाने के समान है।"

इतना कहकर बाबा चुप हो गये। फिर बोले, "पर मेरे यहां से तुम खाली हाथ नहीं जाओगे। मैं तुम्हें एक ऐसी भभूत दूंगा, जिसे खाकर तुम सबको देख सकोगे, पर तुम्हें कोई नहीं देख सकेगा।"

बाबा उठकर गये। लौटे तो उनके हाथ में भभूत थी। उसे राजकुमार को सौंपते हुए बोले, "इसे संभालकर रखना और किसी को मालूम मत होने देना।"

राजकुमार ने बाबा का आशीर्वाद मानते हुए भभूत ले ली। अब तो धीरे-धीरे

पद्मिनी की नाकेबंदी को भेदने का रास्ता साफ होता जा रहा था।

बाबा कह रहे थे, "जीवन में अपना उद्देश्य ऊंचा रक्खो और उसे प्राप्त करने के लिए पूरे साहस से काम लो। यह जीवन प्रभु ने हमें बड़े-बड़े काम करने के लिए ही दिया है। जिनके सामने कोई ऊंचा ध्येय नहीं होता, वे छोटी-छोटी चीजों में फंसे रहकर अपनी जीवन-यात्रा पूरी कर देते हैं।"

बाबा ने भभूत की डिब्बी उसे दी।

राजकुमार और वजीर का बेटा उनकी बातें बड़े ध्यान से सुन रहे थे। बाबा के मुंह से निकले एक-एक शब्द के पीछे उनका विश्वास था।

उन्होंने कहा, "तुम लोग तीन-चार दिन यहां विश्राम करके आगे बढ़ो। कौन जाने, आगे की यात्रा अबतक की यात्रा से भी कठिन हो। थके होगे तो लड़ोगे कैसे? ताजे होगे तो पहाड़ की चोटी पर सहज ही पहुंच जाओगे।"

राजकुमार को जल्दी थी। उसने ठहरने में आनाकानी की, लेकिन वजीर के बेटे ने बाबा की बात मान ली। समझाने पर राजकुमार भी सहमत हो गया।

वे लोग आश्रम में चार दिन रहे। इस बीच में बाबा छाया की भांति उनके साथ रहे। उनके पास अनुभवों का अनन्त भण्डार था। उनका लाभ वह उन दोनों को देते रहे। उन्होंने अंत में जोर देकर कहा, "अपने किये पर अभिमान मत करना, साथ ही अपने मार्ग पर दृढ़तापूर्वक डटे रहना।"

उन चार दिनों में बाबा से और आश्रम के जीवन से इतना मिला कि वे कृतकृत्य हो गये। अपने उद्देश्य की सफलता में अब उन्हें कोई संदेह नहीं रहा।

आश्रम से वे बड़े तड़के रवाना हो गये। अभी उनकी मंजिल काफ़ी दूर थी। बिना रुके वे चलते गये। दिन चढ़ आया, सूरज सिर पर आ गया, तब वे एक जलाशय के किनारे रुके, स्नान किया, भोजन किया और थोड़ी देर विश्राम करके आगे बढ़ चले। मौसम अच्छा था। मंद-मंद पवन बह रही थी। रास्ता साफ था। पक्षी मस्ती से इधर-उधर उड़ान भर रहे थे। राजकुमार ने मार्ग दृश्यों को देखकर वजीर के लड़के से कहा,

"देखो, सब कुछ कितना गतिशील है। सूर्य क्षमता नहीं, पवन रुकती नहीं, पक्षियों का कलरव गान हमेशा चलता रहता है। आदमी को इससे सीख लेनी चाहिए।"

वजीर के लड़के ने देखा कि राजकुमार का मन-कुरंग छलांगे भर रहा है। उसने कहा, "धरती भी कहां रुकती है। हर घड़ी घूमती रहती है। वह रुक जाये तो दुनिया में हाहाकार मच जाये।"

"तुम ठीक कहते हो, मित्र!" राजकुमार ने प्रसन्न मुद्रा में कहा। फिर वह चुप होकर चारों और फैले आनंद से पुलकित होने लगा। घोड़ों ने भी जैसे स्वामी के मनोभाव जान लिये। उनकी गति भी तीव्र होती गई।

दिन ढलने लगा, अंधेरा अपनी चादर फैलाने लगा,तबतक वे बराबर चलते रहे और फिर एक घने वृक्ष के नीचे रात बिताने के लिए रुक गये।

राजकुमार के मन में विचारों का ज्वार-भाटा उठ रहा था। वजीर का लड़का तो सो गया, पर उसे नींद नहीं आई। थोड़ी देर में देखता क्या है कि उस पेड़ पर एक तोता और एक मैना आकर बैठ गये। उनमें बातें होने लगीं। राजकुमार पक्षियों की भाषा जानता था। वह ध्यान से उनकी बातें सुनने लगा।

तोते ने कहा, "मैना, कुछ कहो जिससे रात कटे।"

मैना बोली, "आपबीती कहूं या परबीती?"

तोते ने कहा, "अरी आपबीती तो रोज ही सुनते रहते हैं। कुछ परबीती कहो।"

मैना बोली, "इस नगर के राजा के एक लड़की है। बड़ी सुन्दर है, बड़ी भली है, बड़ी भोली है।"

तोते ने उसकी बात काटकर शरारत से कहा, "तुम जैसी?"

मैना शर्मा गई। बोली, "तुम्हें हर घड़ी मजाक सूझता है।"

तोते ने कहा, "अच्छा, अपनी बात कहो।"

मैना बोली, "राजकुमारी बहुत दिनों से बीमार है। दुनिया भर के वैद्य-डाक्टर उसका इलाज कर चुके हैं, पर वह ठीक नहीं होती। बेचारा राजा परेशान है। उसके वही अकेली औलाद है।"

तोते ने कहा, "यह तो बड़ी हैरानी की बात है।"

"हैरानी की बात तो है ही।" मैना ने व्यथित स्वर में कहा, "राजा ने यहां तक ऐलान कर दिया है कि जो कोई राजकुमारी को अच्छा कर देगा, वह उसी से बेटी का ब्याह कर देगा। राजकुमारी को पाने के लालच में दुनिया भर के चिकित्सक आ रहे हैं, पर कोई भी उसे ठीक नहीं कर पाया। राजा निराश हो गया है।"

इतना कह कर मैना की आवाज रुक गई।

तोता बोला, "राजकुमारी की बीमारी दूर करने का कोई रास्ता है?"

"रास्ता है!"मैना ने कहा,

"अगर कोई सुनता हो तो इस पेड़ की जड़ ले जाये और उसे घिस कर पानी में मिलाकर राजकुमारी को पिला दे। वह रोग से छुटकारा पा जायेगी।"